छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस ले सरकार, गिरफ्तार छात्रों को रिहा करे, नहीं तो फिर होगा आंदोलन: कांग्रेस

पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमेटी ने छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों और गिरफ्तारियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। जिलाध्यक्ष शशि भूषण राय ने छात्रों की बिना शर्त रिहाई और मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस फिर से बड़ा आंदोलन करेगी।

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस ले सरकार, गिरफ्तार छात्रों को रिहा करे, नहीं तो फिर होगा आंदोलन: कांग्रेस
Image Slider
Image Slider
Image Slider

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बंजरिया स्थित गांधी आश्रम परिसर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष इंजीनियर शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार से छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा करने की मांग की।

प्रेस वार्ता में शशि भूषण राय ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए दंडात्मक कार्रवाई और गिरफ्तारियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लेने चाहिए, गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा करना चाहिए और उन पर लगाए गए सभी आरोप हटाने चाहिए।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यह सरकार के प्रति बढ़ते जन असंतोष का संकेत है। उन्होंने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था सहित अन्य विभागों में जवाबदेही तय करने और कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है।

शशि भूषण राय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो कांग्रेस पहले से भी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने में राहुल गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और कांग्रेस आगे भी छात्रों की आवाज बुलंद करती रहेगी।